चिलबिल एक बड़ा वृक्ष है. इसे सड़कों के किनारे लगाया जाता है. यह प्रदूषण को सहन करने की क्षमता रखता है इसलिए यह वायु को साफ़ रखने और ट्रैफिक के धुंए के दुष्प्रभाव से बचाने में मदद करता है.
इसके पंखदार बीजों की वजह से इसे आसानी से पहचाना जा सकता है. कुदरत ने इसके बीजों को दूर दूर तक बिखेरने के लिए उन्हें पंख दिए हैं. इसका बीज गोलाई लिए पत्ते के आकार का होता है. इसमें बीच में बीज होता है और चारों और पत्ते जैसी संरचना होती है. यह हवा में उड़ते हैं और दूर दूर पहुंच जाते हैं.
बरसात के मौसम में इसके पौधे निकलते हैं और इन पंखदार बीजों से प्रकृति इसके पौधों को दूर तक फैलाने में सहायता करती है.
इसके बीज की गिरी में तेल और फैट होता है. यह खाने में स्वादिष्ट होते हैं. और बच्चे इसे बड़े चाव से खाते हैं. कुछ इलाकों में इसके सूखे बीजों को इकट्ठा करके मेवे को रूप में प्रयोग किया जाता है.
इसकी लकड़ी से फर्नीचर बनाया जाता है और जलाने के काम भी आती है. इसके छाल में जीवाणुओं और फफूंद को नष्ट करने के गुण हैं. इसे घाव और सूजन पर पेस्ट के रूप में लगाया जाता है.
चिलबिल एक बहु-उपयोगी वृक्ष है. यह ज़हरीला नहीं है. इसलिए इसके पत्ते और बीज जानवर और बंदर भी खाते हैं.


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें